Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

April 17, 2026

बेकरी हिल कार पार्किग को बंद कर वेंडर जोन बनाने के प्रस्ताव का राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के विरोध के बाद एसडीएम द्वारा कार्य रुकवा गया

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में पार्किंग की समस्या को लेकर सियासत गरमा गई है। नगर पालिका परिषद द्वारा बेकरी हिल (एमडीडीए) पार्किंग स्थल पर वेंडर जोन को पालिका बाजार बनाने के प्रस्ताव के खिलाफ शहर कांग्रेस कमेटी के साथ सभासद गीता कुमाई ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने इस फैसले को जनविरोधी बताते हुए प्रशासन से तत्काल रोक लगाने की मांग की है, वहीं मामले में एसडीएम मसूरी के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल काम रुक गया है।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित गुप्ता द्वारा जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि मसूरी पहले से ही गंभीर पार्किंग संकट से जूझ रहा है। पर्यटन सीजन शुरू होते ही शहर में जाम की स्थिति विकराल हो जाती है। ऐसे में मौजूदा पार्किंग को खत्म कर बाजार बनाना स्थानीय जनता और पर्यटकों दोनों के हितों के खिलाफ है। कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित पार्किंग से जहां एक ओर मजदूर संघ से जुड़े कई लोगों की रोजी-रोटी चलती है, वहीं नगर पालिका को हर साल करीब 6.50 लाख रुपये का राजस्व भी प्राप्त होता है। ऐसे में इस निर्णय से न केवल रोजगार प्रभावित होगा बल्कि पालिका को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ेगा।

मामले को लेकर नगर पालिका की सभासद गीता कुमाई ने भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन बिना नियमों का पालन किए भूमि उपयोग परिवर्तन करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम मसूरी से शिकायत की, जिस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने फिलहाल वेंडर जोन के कार्य को रोकने के निर्देश दिए हैं। गीता कुमाई का कहना है कि यदि पार्किंग स्थल को वेंडर जोन में बदलना है तो इसके लिए शासन स्तर से अनुमति और सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करना अनिवार्य है। बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण या परिवर्तन नियमों के खिलाफ होगा।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि पालिका प्रशासन सभी कार्य नियमों के तहत कर रहा है। उन्होंने बताया कि वेंडर जोन के निर्माण के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण से अनापत्ति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसे प्राप्त कर लिया जाएगा। इसके अलावा यदि शासन स्तर से अनुमति की आवश्यकता होगी तो उसके लिए भी पत्राचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि टाउन वेंडिंग कमेटी के नियमों के अनुसार ही वेंडरों का चयन किया गया है और कई पटरी व्यापारियों को कंपनी गार्डन और मसूरी झील जैसे अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया गया है, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।

कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि यदि इस निर्णय पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ने पर न्यायालय की शरण भी लेगी।

एसडीएम मसूरी राहुल आंनद ने कहा कि लोगो की आपत्ति के बाद बैकरी हिल एमडीडीए पार्किग पर पालिका द्वारा बनाये जा रहे वेंडर जोन का कार्य को रूकवा दिया गया है। पार्किग की स्थान पर वेडर जोन बनाये जाने को लेकर पालिका को शासन स्तर से अनुमति लेनी होगी। उन्होने कहा कि नियमों के विरूद्व किसी को भी कार्य करने का अधिकार नहीं है।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.