Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

May 30, 2026

उच्च न्यायालय ने मसूरी में लगने वाले ट्रैफिक जाम पर, हाई पावर कमेटी गठित करने के निर्देश दिये

मसूरी । उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने मसूरी पर्यटन सीजन के दौरान सड़कों पर अवैध पार्किंग से लगने वाले जाम से निजात दिलाने संबंधी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय पारित किया और याचिका को निस्तारित कर दिया।

वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खण्डपीठ ने मुख्य सचिव को निर्देश दिये हैं कि वो दो सप्ताह के भीतर सचिव शहरी विकास, सचिव पर्यटन और सचिव गृह की एक हाई पावर कमेटी गठित कर जांच कराएं और 8 सप्ताह में रिपोर्ट न्यायालय में सौंपे। खंडपीठ ने कहा, समाधन मिलने के बाद उसपर जन सुनवाई करने के लिए विज्ञापन जारी हो।

जन सुनवाई में याचिकाकर्ता के साथ मसूरी के डॉक्टर, शिक्षक, होटल एसोशिएशन सदस्य, कैब के सदस्य, छात्र, स्थानीय निवासी व अन्य लोगों की एक बैठक हो। बैठक में जो निर्णय लिया जाएगा उसे राज्य सरकार को भेजेगी और उसपर राज्य सरकार एक्शन लेगी।

मामले के अनुसार, मसूरी निवासी प्रवेश पन्त ने जनहित याचिका दायर कर कहा कि मसूरी एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यहाँ पर घूमने के लिए देश ही नहीं विदेश से भी पर्यटक आते हैं। वर्तमान में मसूरी की ट्रैफिक जाम से मसूरी की पहचान धूमिल हो रही है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम का सामना करना पड़ता है।

जाम से मरीजों वाली एम्बुलेंस, स्कूल के बच्चों, नौकरी पेशे वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, वे समय पर अपने स्थानों में नहीं पहुंच पाते। जबकि यहां पर लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय अकादमी और आई.टी.बी.पी.स्थित है। जनहित याचिका में आगे कहा गया है कि जाम लगने का मुख्य कारण पार्किंग विहीन होटल और होमस्टे हैं। पार्किंग न होने की वजह से वे अपने वाहन सड़क के किनारे खड़ा कर देते हैं।

दूसरा मुख्य कारण यह भी है कि नगर पालिका द्वारा अपनी स्वामित्व वाली विभिन्न सड़को पर पार्किंग का संचालन करती है। जाम लगने वाले मुख्य मार्ग पिक्चर पैलेश से सिविल अस्पताल मार्ग, लंढौर से घण्टाघर मार्ग, घण्टाघर से वाईन बर्ग ऐलन मार्ग, पिक्चर पैलेस से नगर पालिका मार्ग, कैमल्स बैक रोड से मॉल रोड, लाईब्रेरी चौक, लाईब्रेरी चौक से आई.टी.बी.पी.रोड, लाईब्रेरी से जीरो पॉइंट झीडापानी मार्ग हैं।

लगने वाले जाम से निजात दिलाए जाने के लिए उन्होंने सचिव शहरी विकास, आई.जी.ट्रैफिक, जिलाधिकारी, एस.एस.पी., कोतवाली मसूरी सहीत अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका मसूरी को भी प्रत्यावेदन दिए हैं।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.