Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 17, 2026

टॉम ऑल्टर की याद में मसूरी में होगी, द्वितीय अल्ट्रा मैराथन, देश-विदेश के धावकों के साथ दौड़ेगा मसूरी

मसूरी। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और मसूरी से गहरा जुड़ाव रखने वाले टॉम ऑल्टर की स्मृति में आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 29 नवंबर को मसूरी में दूसरे वर्ष अल्ट्रा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर नगर पालिका सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने अल्ट्रा मैराथन की पोशाक का अनावरण भी किया।

अल्ट्रा मैराथन का उद्देश्य मसूरी में पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। इस प्रतियोगिता के लिए अब तक कुल 300 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि पिंकू स्पोर्ट्स और ब्रैंटवुड होटल के सौजन्य से आयोजित होने वाली इस अल्ट्रा मैराथन में नगर पालिका की ओर से पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टॉम ऑल्टर का मसूरी से विशेष लगाव रहा है और उनकी स्मृति में होने वाला यह आयोजन शहर के लिए गौरव की बात है।

अल्ट्रा मैराथन के आयोजक संदीप साहनी ने बताया कि अभिनेता टॉम ऑल्टर की सोच और मसूरी से उनके गहरे लगाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस आयोजन की शुरुआत की गई थी। लगातार दूसरे वर्ष इसका आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के लिए अब तक कुल लगभग 300 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं जो की सभी मसूरी के बाहर से है और मसूरी के लोकल पंजीकरण के लिए अब शुरू करने जा रहे हैं ।

उन्होंने कहा कि मैराथन जैसे आयोजनों से जहां देश-विदेश के लोगों को मसूरी आने का अवसर मिलेगा, वहीं स्थानीय नागरिकों को भी स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने मसूरीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में 50 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन के साथ ही 5, 10, 20 और 40 किलोमीटर की दौड़ भी आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के रूट को लेकर जल्द ही मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के साथ अंतिम निर्णय लिया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष करीब 600 से 700 प्रतिभागी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिभागियों के जुड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

बैठक में मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत, रूपचंद, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल, भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष एवं मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मनोरंजन त्रिपाठी, परविंद रावत, अजय भार्गव, सौरभ सोनकर, रजत कपूर, पवन थलवाल, सुरेश गोयल, विजय जुगराण, विशाल खरोला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.