Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 6, 2026

व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से पर्यटन व्यवसायी चिंतित, घरेलू गैस की स्थिति सामान्य।

दिनेश  /

मसूरी। ईरान,इजराइल और अमेरिका में चल रहे युद्ध का प्रभाव अब अन्य देशों पर भी पड़ रहा है और इसके तहत अब पहाड़ों की रानी मसूरी भी इससे अछूती नहीं रही। व्यावसायिक सिलेंडरों की लगातार हो रही कमी के कारण होटल व्यवसाय, रेस्टोरेंट व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है वहीं इससे आने वाले समय में पर्यटन भी प्रभावित होगा।

पर्यटन नगरी मसूरी में तीन सौ से अधिक होटल व ढाई सौ के करीब होम स्टे पंजीकृत है, लेकिन युद्ध के कारण व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि पर्यटन नगरी में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से अधिकतर होटलों के किचन बंद होने के कगार पर है व कई होटलों में किचन बंद कर दिए गये हैं, वहीं होटलों की बुकिंगें भी कैंसिल हो रही है, व इससे आने वाला सीजन प्रभावित होगा। वहीं रेस्टोरेंटों में भी यही हाल है, रेस्टोरेंट व्यवसायी नीरज अग्रवाल ने बताया कि गत पांच दिनों से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं होने से रेस्टोंरेंट चलाने के लिए तीन चार दिन का ईंधन ही बचा है, अगर यही स्थिति रही तो रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर आ जायेंगे। होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने कहा कि मसूरी में करीब ढाई सौ होम स्टे हैं, लेकिन व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बंद होने से होम स्टे बंद होने के कगार पर आ गये हैं। अगर ऐसी स्थिति रही तो आने वाले एक दो दिन में किचन बंद करने पडे़गे। घरेलू गैस उपभोक्ता सतीश ने बताया कि उन्होंने गैस बुक करायी थी लेकिन चार दिन होने के बाद भी डीएसी ओटीपी नहीं आया। वहीं भारत गैस के काउंटर पर सुबह से ही लंबी लाइन लगी है व लोग गैस बुक कराने के लिए लंबा इंतजार कर रहे है। लाइन में लगे विकास थापली व सुमन ने बताया कि वह सुबह से गैस की लाइन में लगे है और उन्हें बच्चों को स्कूल लाना ले जाना पड़ता है जिस कारण परेशानी हो रही है। इस संबंध में इंडेन गैस गोदाम के प्रबंधक नरेंद्र गुसांई ने कहा कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है लेकिन लोगों के पेनिक होने पर समस्या बढ गयी है, लोग एक माह में दो से तीन बार बुकिंग कर रहे है जिस कारण डीएसी नंबर ओटीपी नहीं आ पा रहा है जिससे लोग परेशान हो रहे हैं जबकि समय से महीने में एक बार गैस बुकिंग होने पर डीएसी नंबर आ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल व्यावसायिक गैस की अभी आपूर्ति नहीं आ रही है, लेकिन शीघ्र आपूर्ति की जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि मसूरी में करीब नौ हजार घरेलू गैस कनेक्शन है जबकि दो सौ के करीब व्यावसायिक गैस कनेक्शन है। लगातार बुकिंगें होने से बैकलॉग होने से लोग परेशान है व उनके पास गैस बुकिंग करने पर ओटीपी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। वहीं पेट्रोल पंप पर भी लंबी लाइने लगी है वहीं पेट्रोल पंप स्वामी नीरज अग्रवाल ने बताया कि पेट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं है, कपंनी ने भी पूरा भरोसा दिया है लेकिन लोग पैनिक हो रखे है व जो एक हजार का तेल भराता था वह टंकी फुल करवाने को कह रहा है जबकि लोगों को अपने उपयोग के अनुसार ही तेल भरवाना चाहिए।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.