उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर मसूरी की ईशा बहुगुणा बनीं राज्य कर अधिकारी
मसूरी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर मसूरी की ईशा बहुगुणा राज्य कर अधिकारी (स्टेट टैक्स ऑफिसर) पद पर चयनित हुई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
ईशा बहुगुणा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीजेएम हैम्पटन कोर्ट स्कूल से प्राप्त की। वर्ष 2012 में हाईस्कूल तथा वर्ष 2014 में वाइनबर्ग एलन स्कूल से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने वर्ष 2017 में पंजाब यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद वर्ष 2021 में डीएवी कॉलेज, देहरादून से समाजशास्त्र विषय में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। उच्च शिक्षा पूर्ण करने के बाद ईशा ने प्रशासनिक सेवाओं में जाने का लक्ष्य तय किया और उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कमियों को दूर करते हुए निरंतर मेहनत जारी रखी। उनके दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम का परिणाम दूसरे प्रयास में मिला, जब उनका चयन राज्य कर अधिकारी पद पर हो गया। ईशा बहुगुणा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया है। उन्होंने बताया कि पीसीएस की तैयारी की प्रेरणा उन्हें अपने दादाजी से मिली, जिन्होंने जीवनभर उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि दादाजी की कार्यशैली, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण ने उन्हें लोकसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
