मसूरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 149 वर्षों की परम्परा के साथ निकली भव्य श्रीकृष्ण शोभायात्रा
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद हर वर्ष की भांति श्री सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में भव्य एवं ऐतिहासिक श्रीकृष्ण शोभायात्रा धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। 149 वर्षों से चली आ रही इस ऐतिहासिक परम्परा में इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

श्री सनातन धर्म सभा द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा को मसूरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देखा जाता है। करीब डेढ़ सदी से चली आ रही यह परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है। हर वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शामिल होते हैं और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों से सजी झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। आकर्षक ढंग से सजाए गए रथ, धार्मिक झांकियां और भजन-कीर्तन करते श्रद्धालुओं ने माहौल को पूरी तरह कृष्णमय कर दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शोभायात्रा में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे। कई स्थानों पर लोगों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
भक्तजनों द्वारा जगह-जगह पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गयी । शोभा यात्रा लन्ढौर चौक से शुरू होकर मलिंगार, भगत सिंह चौक पिक्चर पैलेस से होते हुए गांधी चौक किताबघर तक निकाली गई ।
