अवैध निर्माण पर चला MDDA का पीला पंजा, अपर माल रोड पर 4 दुकानें ध्वस्त
मसूरी। अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने कार्यवाही करते हुए अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन बिल्डिंग के पास में अनाधिकृत रूप से बनाई गई चार दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई सोमवार सुबह करीब आठ बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

सुरक्षा की दृष्टि से कार्रवाई के दौरान अपर माल रोड को कुछ समय के लिए बन्द रखा गया। अधिकारियों के अनुसार, अवैध निर्माण को लेकर पूर्व में नोटिस जारी किया गया था और निर्माणकर्ताओं को इसे हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया।
नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा ने बताया कि उप जिलाधिकारी के आदेश के बाद जिला प्रशासन, MDDA, नगर पालिका और मसूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
मौके पर MDDA के सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल व अनुज पांडेय समेत प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
