मसूरी में गोल्फकार्ट को लेकर फिर गरमाया विवाद, मजदूर संघ ने पालिका में किया प्रदर्शन कर गोल्फकार्ट बन्द करने को लेकर ज्ञापन दिया
मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी के प्रांगण में गोल्फकार्ट संचालन के मुद्दे को लेकर मजदूर संघ ने प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ पदाधिकारियों और सदस्यों ने पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी को ज्ञापन सौंपकर गोल्फकार्ट का संचालन बंद रखने तथा बेकरी हिल कार पार्किंग मजदूर संघ को आवंटित किए जाने की मांग की।
मजदूर संघ ने ज्ञापन में कहा कि गोल्फकार्ट का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और आरटीओ से पंजीकृत नहीं होने की स्थिति में इसका संचालन नहीं किया जाना चाहिए। संघ ने आरोप लगाया कि मजदूर संघ के नाम पर गोल्फकार्ट संचालन की मांग करने वाले कुछ लोग अब संघ के सदस्य नहीं हैं और उन्हें संघ से निष्कासित किया जा चुका है। ऐसे लोगों का मजदूर संघ से कोई सरोकार नहीं है।
संघ ने कहा कि गोल्फकार्ट के संचालन के बजाय मजदूर संघ से जुड़े 107 रिक्शा श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए पालिका को निर्णय लेना चाहिए। संघ का कहना है कि इन श्रमिकों और उनके परिवारों की आजीविका लंबे समय से रिक्शा संचालन पर निर्भर रही है, ऐसे में उनके हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
ज्ञापन में बेकरी हिल कार पार्किंग को मजदूर संघ को आवंटित करने की भी मांग की गई। संघ ने कहा कि पार्किंग में उन रिक्शा श्रमिकों को शामिल किया जाए, जिन्हें अभी तक कार पार्किंग योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, ताकि उन्हें रोजगार का अवसर मिल सके।
इसके साथ ही मजदूर संघ ने अपने कार्यालय की चाबी भी निष्कासित सदस्यों से वापस लेकर संघ के अधिकृत पदाधिकारियों को सौंपने की मांग पालिकाध्यक्ष के समक्ष रखी।
मजदूर संघ ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में गोल्फकार्ट का संचालन शुरू किया गया तो 107 रिक्शा श्रमिक अपने परिवारों के साथ पालिका में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। संघ ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर मजदूर संघ के अध्यक्ष संपत लाल और महामंत्री सोबन सिंह पंवार सहित,रमेश गौडद्व , महिपाल सिंह पंवार, जयमल पंवार, राकेश पंवार, मंजीता, कुमार गौरव, दिनेश,भागमल, रमेश प्रसाद, कुलदीप सिंह,चंद्रपाल सिंह, लाल चंद, राकेश लाल, संतलाल, गुडडू सेमलियाट, आदि मजदूर मौजूद रहे।
