Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 17, 2026

मसूरी नगर पालिका के पांच मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण, मंत्री गणेश जोशी ने दी नई जिम्मेदारी पर बधाई

मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी के बोर्ड में पांच नए मनोनीत सभासदों के शामिल होने के साथ ही पालिका बोर्ड का विस्तार हो गया है। नगर पालिका सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कुशाल राणा, विजय रमोला, अनिल गोयल, विजय बिंदवाल और अनीता धनाईं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने मुख्य अतिथि मसूरी विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की मौजूदगी में सभी मनोनीत सभासदों को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ पालिका अधिशासी अधिकारी रजनीश डोबरियाल के स्वागत संबोधन से हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद पांचों नव मनोनीत सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के पश्चात मंत्री गणेश जोशी ने सभी मनोनीत सभासदों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया ।

समारोह में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं संस्थाओं की ओर से भी नव मनोनीत सभासदों का स्वागत किया गया। थौलधार विकास समिति, मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, लायंस क्लब मसूरी हिल्स, सद्भावना संस्था सहित अन्य संगठनों ने माल्यार्पण एवं शॉल भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी और निर्वाचित सभासदों ने भी नए सदस्यों का स्वागत किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पांचों मनोनीत सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें सरकार और पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मसूरी का सभासद या मनोनीत सभासद होना अपने आप में गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि नव मनोनीत सभासदों का लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक जीवन में योगदान रहा है। उनके अनुभव का लाभ नगर पालिका बोर्ड, मसूरी शहर और आम जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी मनोनीत सभासद जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि विधायक और मंत्री के रूप में मसूरी के विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने भी सभी मनोनीत सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि पहले बोर्ड में 14 सदस्य थे, जबकि पांच नए सदस्यों के शामिल होने के बाद अब 18 सदस्यों की मजबूत टीम बन गई है। उन्होंने कहा कि सभी मनोनीत सदस्य अनुभवी हैं और उनका सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में लंबा योगदान रहा है।

पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नए सभासदों की भूमिका केवल पालिका बोर्ड की बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें शहर की समस्याओं को समझते हुए मसूरी की बेहतरी और विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य अपने अनुभव का उपयोग शहर और जनता के हित में करेंगे।

समारोह में पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, धनप्रकाश अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, जगजीत कुकरेजा, अनुज तायल, सुरेश गोयल, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, मदन मोहन शर्मा, सतीश ढौडियाल, राकेश रावत, जसोदा शर्मा, रूपचंद सहित बड़ी संख्या में सभासद, मनोनीत सभासदों के परिजन तथा विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.