मसूरी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी, 24 सितम्बर को नामांकन और 29 सितंबर को होगा मतदान-मतगणना
मसूरी। मसूरी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार शाम चार बजे के बाद महाविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई। अधिसूचना जारी होने के साथ ही महाविद्यालय परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज होने की सम्भावना और छात्र संगठनों एवं संभावित प्रत्याशियों ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील पवांर ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 सितम्बर को नामांकन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके बाद 29 सितम्बर को मतदान और मतगणना कराई जाएगी। चुनाव कार्यक्रम को लेकर महाविद्यालय प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसके साथ ही चुनाव के दौरान महाविद्यालय परिसर में प्रवेश को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। जिस छात्र के पास महाविद्यालय का वैध परिचय पत्र होगा, उसे ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन की ओर से छात्रों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखने और महाविद्यालय के निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है ।
छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद अब संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियां भी तेज होने की उम्मीद है। नामांकन की तारीख नजदीक होने के कारण छात्र विभिन्न पदों के लिए अपनी तैयारियों में जुटेंगे। वहीं, 29 सितंबर को मतदान के बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा किया जाएगा, ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
