Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 17, 2026

नो-पार्किंग जोन में खड़ी रेंटल बाइकों पर कार्रवाई, 70 से अधिक वाहनों के चालान

मसूरी। शहर में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था, जाम और नो-पार्किंग जोन में रेंटल बाइकों के खड़े किए जाने की शिकायतों को लेकर मंगलवार को परिवहन विभाग, नगर प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 70 से अधिक दोपहिया वाहनों के चालान किए गए, जबकि 15 से अधिक वाहनों को सीज किया गया।

कार्रवाई के दौरान सीज किए गए वाहनों को नगर पालिका के वाहन के माध्यम से पालिका कार्यालय परिसर में पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार कई रेंटल बाइकें निर्धारित स्थान के बजाय सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़ी की जा रही थीं, जिससे शहर में जाम और यातायात संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं।

परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मसूरी में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि रेंटल बाइक संचालकों द्वारा कई बार बिना पर्याप्त जिम्मेदारी के पर्यटकों को वाहन उपलब्ध करा दिए जाते हैं और बाद में वाहन नो-पार्किंग जोन में खड़े पाए जाते हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों की ओर से भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं।उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिनके दस्तावेज पूरे नहीं थे, लाइसेंस अथवा अनुमति संबंधी वैधता समाप्त हो चुकी थी या वाहन निर्धारित स्थान से संचालित नहीं किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जाएगी, ताकि संबंधित संचालक आगे नियमों के विपरीत व्यवसाय न कर सकें।

अभियान के दौरान दो नाबालिगों को भी दोपहिया वाहन चलाते हुए पाया गया। उनके वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई और वाहन सीज किए गए। परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न दें, क्योंकि इससे यातायात नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।

प्रज्ञा पंत ने कहा कि मसूरी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहन संचालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने रेंटल बाइक संचालकों से वाहनों के सभी दस्तावेज दुरुस्त रखने और निर्धारित नियमों के अनुसार ही व्यवसाय संचालित करने की अपील की।

वहीं नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा ने कहा कि मसूरी में यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से संयुक्त अभियान चलाया गया है। अभियान के तहत 70 से अधिक वाहनों के चालान किए गए हैं और 15 से अधिक वाहनों को सीज किया गया है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को लेकर आगे भी अभियान जारी रहेगा।

अभियान के दौरान नगर पालिका सभासद जसबीर कौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.