Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

February 26, 2026

77वें गणतंत्र दिवस पर सार्वजनिक कार्यक्रम में पर्यावरण मित्रों सहित विभिन्न विभूतियों को सम्मानित किया ।

दिनेश  /

मसूरी- पर्यटन नगरी मसूरी में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सार्वजनिक ध्वजारोहण लंढौर चौक में बतौर मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने किया, वहीं इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों सहित पर्यावरण मित्रों को स्मृति चिन्ह, शॉल व गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया गया।

पर्यटन नगरी में 77 वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में साढे नौ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया व मिष्ठान वितरित किया गया। वहीं सार्वजनिक ध्वजारोहण लंढौर चौक पर किया गया। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष, पूर्व विधायक व उत्तराखंड विधान सभा में उत्कृष्ट विधायक का सम्मान पा चुके जोत सिंह गुनसोला को राजनैतिक जीवन में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं इसी कड़ी में लगातार चार बार नगर पालिका परिषद में सभासद निर्वाचित होने वाली जसबीर कौर को उनके राजनैतिक व उत्कृष्ट कार्यां के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कालेज की व्यायाम शिक्षिका कविता नेगी को राष्ट्रीय स्तर के खेलों में छात्राओं को पहुंचाने, गुरू नानक की शिक्षिका शिखा नेगी को अंतर्राष्ट्रीय ब्लाइड रैफरी, मधु टम्टा को नेशनल ब्लाइंड रैफरी बनने पर, संत निरंकारी मंडल के एंबुलेंस चालक टोनी व जयपाल सिंह को समाज की सेवा में तत्पर रहने के लिए शॉल, स्मृति चिन्ह व गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में सदभावना संस्था की ओर से हास्य कलाकार, मूर्तिकार व अभिनेता त्रिलोक चौहान को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद की ओर से पर्यावरण मित्र राजेंद्र, रविंद्र, रमन, गुलशन, व शुभम को भी उनकी सेवाओं के लिए स्मृति चिन्ह, शॉल व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि मीरा सकलानी ने सार्वजनिक समारोह में सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी व कहा कि गणतंत्र दिवस देश के विकास व विश्व के बडे लोकतंत्र के लिए मनाया जाता है। उन्होंने देश के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि अगर वह अपना सर्वस्व न्योछावर न करते तो देश आजाद नहीं होता वहीं डा. भीमराव अंबेडकर को याद किया व कहा कि उन्होंने हमें संविधान दिया। सविंधान ने हमें अधिकार व कर्तव्य दिए लेकिन आज अधिकार की बात तो सब करते है लेकिन कर्तव्यों की जब बारी आती है तो उसके प्रति अपने दायित्वों को भूल जाते हैं। गणतंत्र दिवस पर सभी राजनैतिक दल एक होकर इसे मनाते है यह पंरपरा मसूरी में है, जिसमें केवल देश व संविधान की बात की जाती है बाकी राजनीति करने के लिए कई मंच है। उन्होंने कहा जब जनता किसी को चुनती है तो सभी को उनका सहयोग करना चाहिए ताकि विकास की गति बढ सके अगर गलत होता है तो उस पर अपना पक्ष रखना चाहिए। इस मौके पर पूर्व विधायक जोत सिंह ने कहा कि भारत का संविधान 214 दिन व चालीस बैठकों में मंथन करने के बाद बनाया गया, जिसमें विश्व के संविधानों का परीक्षण किया गया व डा. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में यह बनाया गया। सविधान ने केंद्र, राज्य सरकारों व स्थानीय सरकारों को अधिकार दिए है जिसके तहत सभी चलते हैं व समय समय पर जरूरत के हिसाब से संशोधन किए जाते हैं। हर नागरिक को आदर्श नागरिक बनने व कर्तव्यों के पालन का अधिकार भी संविधान देता है। इस मौके पर बाबाहिसार में बाबा बुल्लेशाह की मजार में तोड़फोड करने वालों की निंदा की गयी व कार्यवाही करने की मांग की गयी ताकि शहर का माहौल सदभावना पूर्ण रह सके। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, अनुज गुप्ता, कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, भाजपा मंडल अघ्यक्ष रजत अग्रवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, भाकपा सविच आरपी बडोनी ने भी समारोह को संबोधित किया व गणतंत्र दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम का समापन पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने किया। कार्यक्रम का संचालन विजय बिंदवाल ने किया। इस मौके पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, कुशाल राणा, मंडल उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, सदभावना अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, पालिका सभासद गौरी थपलियाल, शिवानी भारती, विशाल खरोला, अमित भटट, रणवीर कंडारी, पालिका कार्यालय अधीक्षक सीपी बडोनी, कर अधीक्षक अनिरूद्ध प्रताप चौधरी, सतीश ढोंडियाल, गुड मोहन राणा, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

वहीं दूसरी ओर नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, शहर कांग्रेस कार्यालय में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, मसूरी प्रेस क्लब में अध्यक्ष सुनील सिलवाल, तिलक लाइब्रेरी में अध्यक्ष आलोक मेहरोत्रा, ने ध्वज फहराया। वहीं आईटीबीपी, आईटीएम, कोतवाली, जल संस्थान, एमडीडीए, कचहरी, सहित अन्य सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.