Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

September 1, 2026

सृष्टि कंडारी संदिग्ध मौत मामले की होगी CB-CID जांच, मुख्यमंत्री धामी ने दिये आदेश

विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग ।

देहरादून। श्रीकोट, श्रीनगर गढ़वाल निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में अब जांच CB-CID (सिटीजन क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट) को सौंपी जाएगी। देवप्रयाग विधानसभा के विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष, गहन और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के समक्ष उन्होंने सृष्टि कंडारी प्रकरण को गंभीरता से उठाते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल गृह सचिव को इस पूरे प्रकरण की जांच CB-CID को सौंपने के लिखित आदेश जारी कर दिए हैं।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले में पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि श्रीकोट निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की विवाह के करीब आठ माह बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने पति, सास और ननद पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले की जांच CB-CID को सौंपे जाने से निष्पक्ष और व्यापक जांच की उम्मीद बढ़ गई है।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.