राखी के रंग में रंगी पहाड़ों की रानी मसूरी, धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का भाव हर ओर देखने को मिला। पर्व ने पारिवारिक रिश्तों में आत्मीयता और अपनत्व को और मजबूत किया। लोगों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और इस पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सौहार्द के साथ मनाया। सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। घरों में बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा करने का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
रक्षाबंधन के अवसर पर सुबह से ही घरों में पूजा-अर्चना और तैयारियों का सिलसिला शुरू हो गया था। बहनों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ अपने भाइयों की पूजा की, उनके माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारने के बाद उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इसके बाद बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा करवाया और उन्हें सेवई, खीर, मिठाई सहित विभिन्न पकवान खिलाए। भाइयों ने भी अपनी बहनों को आशीर्वाद देते हुए उनकी हर परिस्थिति में रक्षा करने और साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन को लेकर सबसे अधिक उत्साह बच्चों में देखने को मिला। बच्चे सुबह से ही नए कपड़े पहनकर तैयार नजर आए और उन्हें अपनी बहनों से राखी बंधवाने का बेसब्री से इंतजार रहा। कई घरों में छोटे बच्चों ने भी एक-दूसरे को राखी बांधकर इस पर्व की खुशियां साझा कीं। बाजारों में भी रक्षाबंधन को लेकर चहल-पहल रही और लोगों ने अपनी पसंद की राखियां, मिठाइयां और उपहारों की खरीदारी की।
इस अवसर पर शहर के विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थाओं ने भी मसूरीवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व ही नहीं, बल्कि यह प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का भी संदेश देता
