डिजिटल मीडिया से लेकर लघु समाचार पत्रों तक की समस्याएं सीएम के सामने, पत्रकारों ने सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन
प्रदेश के पत्रकारों, डिजिटल मीडिया संस्थानों, न्यूज पोर्टलों तथा लघु एवं मझौले समाचार पत्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर हिमालय डिजिटल मीडिया एवं पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में शनिवार को पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को पत्रकार एवं मीडिया जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष विशेष रूप से डिजिटल मीडिया और न्यूज पोर्टलों के सामने आ रही समस्याओं को प्रमुखता से रखा। पत्रकारों ने कहा कि वर्तमान दौर में डिजिटल मीडिया तेजी से पत्रकारिता का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है। प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में भी न्यूज पोर्टल स्थानीय जनसमस्याओं, विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद डिजिटल मीडिया संस्थानों को विज्ञापन नीति और दरों के स्तर पर कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही ज्ञापन में वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन बढ़ाकर ₹15,000 प्रतिमाह करने तथा पत्रकारों को रेल यात्रा में छूट सहित पत्रकार हितों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया।
पत्रकार महासंघ ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पत्रकारों और मीडिया संस्थानों से संबंधित इन समस्याओं पर अविलंब सकारात्मक निर्णय लेते हुए पोर्टल विज्ञापन दरों में आवश्यक बदलाव किया जाए।
