पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर लगाए गंभीर आरोप, पूछे 16 बड़े सवाल।
मसूरी। पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी पर तीखा हमला बोलते हुए पिछले वर्षों में की गई विभिन्न घोषणाओं और विकास कार्यों को लेकर 16 सवालों के जवाब मांगे हैं। शहर कांग्रेस के तत्वावधान में मैसानिक लॉज बस स्टैंड के समीप एक होटल के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में अनुज गुप्ता ने आरोप लगाया कि मसूरी की जनता से लगातार घोषणाएं की गईं, लेकिन कई महत्वपूर्ण योजनाएं अभी तक धरातल पर नहीं उतर सकी ।
अनुज गुप्ता ने कहा कि उन्होंने हाल में मसूरी विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया है और उनके अनुसार क्षेत्र में जनता के बीच बदलाव को लेकर चर्चा तेज है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की ओर से पूर्व में की गई कई घोषणाओं का अपेक्षित क्रियान्वयन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आज भी कई योजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है, जबकि जनता को उनके लोकार्पण और धरातलीय प्रगति का इंतजार है।
पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर जमकर हमला बोलते हुए उनसे 16 सवालों के जवाब मांगे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री ने पिछले 15 सालों में मसूरी की जनता को ठगने का काम किया है और भाजपा के बड़े नेताओं ने जितनी भी घोषणाएं कीं, उनमें से एक भी धरातल पर नहीं उतरी। अब हालत यह है कि मंत्री मीडिया के सवालों से भाग रहे हैं।
उन्होंने मंत्री पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में हाईकोर्ट में बरी होने का झूठा दावा करने और सैन्य धाम घोटाले में शहीदों का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मसूरी में 400 करोड़ की टनल आज तक क्यों नहीं बनी. शिफनकोर्ट में मजदूरों के लिए आवास का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने किया था, वह आज तक क्यों नहीं बने. मसूरी के लिए घोषित 5 पार्किंग में से एक भी क्यों नहीं बनी, शटल सेवा क्यों बंद है और पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह की पार्किंग कहां है. सिविल अस्पताल मसूरी में डायलिसिस और आईसीयू शुरू करने की घोषणा का क्या हुआ.सेंट मेरी अस्पताल को पुनः शुरू करने की घोषणा पर अमल क्यों नहीं हुआ. भिलाडू स्टेडियम के लिए वन विभाग की स्वीकृति मिलने का दावा किस आधार पर किया, यदि मिली है तो दिखाएं. तहसील बनाने की घोषणा का क्या हुआ. शहीद स्थल पर म्यूजियम कहां बना. वेंडर जोन कहां बना, वेंडर आज भी धरने पर क्यों हैं
एमपीजी कॉलेज में रोजगारपरक विषय शुरू करने की घोषणा का क्या हुआ. माल रोड पर गोल्फ कार्ट सेवा क्यों बंद कर दी गई सहित अन्य सवालों का जवाब मांगा
अनुज गुप्ता ने कहा कि वह “जनता मांगे बदलाव” अभियान शुरू कर रहे हैं और पूरी विधानसभा में घर-घर जाकर मंत्री के भ्रष्टाचार और घोषणाओं की पोल खोलेंगे। इस दौरान उन्होंने 16 सवालों वाला एक पोस्टर भी लॉन्च किया जिसे जनता के बीच ले जाया जाएगा।
इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए किसी भी निचले स्तर पर जाने को तैयार है। उन्होंने किच्छा नगर पालिका चुनाव में पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ को थप्पड़ मारने की घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री से ऐसे कार्यकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
