121 रिक्शा पुनर्वास योजना के तहत मिली 14 गोल्फ कार्ट 5 महीने से ठप, चालक भुखमरी की कगार पर
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में गोल्फ कार्ट संचालन का विवाद गहराता जा रहा है। मजदूर संघ ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ, तो सभी पीड़ित संचालक 30 सितंबर से शहीद स्थल पर तीन दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में संघ ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मजदूर संघ का कहना है कि प्रशासन द्वारा 121 रिक्शा उन्मूलन पुनर्वास योजना के तहत पर्यटकों की सुविधा और चालकों के रोजगार के लिए 14 गोल्फ कार्ट आवंटित की गई थीं। संघ का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन ने एक सुनियोजित साजिश के तहत कभी पंजीकरण तो कभी इंश्योरेंस न होने का तकनीकी बहाना बनाकर इनका संचालन बंद करा दिया, ताकि पुनर्वास नीति को निष्प्रभावी किया जा सके और मजदूरों में आपसी फूट डाली जा सके।
मजदूर संघ के अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में चालकों की बदहाली का उल्लेख करते हुए बताया गया कि पिछले पांच महीनों से गोल्फ कार्ट का संचालन पूरी तरह बंद है। इसके चलते 14 परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाना नामुमकिन हो चुका है।
अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि चालक पिछले पांच माह से शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके श्रमिकों के पास अब आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में संचालन बहाल करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो 30 सितंबर से आंदोलन को और तेज करते हुए भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
