मसूरी में शहीदे आजम भगत सिंह को उनकी 119वीं जयन्ती पर याद, विभिन्न दलों और संगठनों के लोग हुए शामिल
मसूरी। भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) की ओर से अमर शहीद भगत सिंह की 119वीं जयन्ती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पिक्चर पैलेस स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जोरदार नारेबाजी की गई।
शहर में भारी बारिश के चलते माल्यार्पण के पश्चात मुख्य कार्यक्रम को निकटवर्ती एक होटल के सभागार में स्थानांतरित किया गया। सभागार में आयोजित संगोष्ठी और जनगीत कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भगत सिंह के जीवन, संघर्ष और देश की आजादी में उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगत सिंह का सपना केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं था, बल्कि वे एक ऐसे समाज की स्थापना चाहते थे जहां बराबरी हो और जाति, धर्म या वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव न रहे। उनके विचार और आदर्श आज के दौर में भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, इप्टा की ममता राव, मनोज टम्टा, विजय लक्ष्मी काला, सतीश धौलाखंडी, सुरेश गोयल और धर्मानंद लखेड़ा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
