एमपीजी कॉलेज में कल तय होगा छात्र संघ 2026-27 का भविष्य, 366 वोटर चुनेंगे अपने प्रतिनिधि; शाम तक परिणाम के तुरन्त बाद शपथ ग्रहण
मसूरी। म्यूनिसिपल पोस्ट ग्रेजुएट (एमपीजी) कॉलेज में छात्र संघ चुनाव 2026-27 को लेकर कॉलेज व पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने बाद लगभग 3:00 बजे मतों की गिनती की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित कर विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
सोशल मीडिया पर प्रत्याशियों ने झोंकी पूरी ताकत
चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में विभिन्न छात्र संगठनों व निर्दलीय प्रत्याशियों ने समर्थन जुटाने के लिए सोशल मीडिया पर जोरदार अभियान चलाया। पोस्टर, वीडियो और नारों के माध्यम से छात्र मतदाताओं को लुभाने के पूरे प्रयास किए गए हैं।
366 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव पूरी तरह से लिंगदोह समिति की गाइडलाइंस के दायरे में ही कराए जा रहे हैं। नियमों के किसी भी तरह के उल्लंघन या छूट की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस बार कुल 366 छात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई छात्र कार्यकारिणी का चयन करेंगे।
मतदान और मतगणना का समय
मतदान समय: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
मतगणना: मतदान समाप्त होने के ठीक बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटियां खोली जाएंगी।
परिणाम एवं शपथ: परिणाम घोषित होते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
पहचान पत्र लाना अनिवार्य
महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल वैध मतदाताओं को ही मतदान केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। छात्रों के लिए कॉलेज का पहचान पत्र (आई-कार्ड) और नवीनतम फीस रसीद साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक आई-कार्ड प्राप्त नहीं किया है, उन्हें कॉलेज प्रशासन द्वारा पहचान पत्र जारी किए जा रहे हैं ताकि कोई भी छात्र अपने वोट के अधिकार से वंचित न रहे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस बल के साथ कॉलेज की आंतरिक अनुशासन समिति तैनात रहेगी। इस व्यवस्था बैठक के दौरान चुनाव अधिकारी डॉ. अमिताभ भट्ट एवं डॉ. रमेशपाल चौहान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
