मसूरी एमजी कॉलेज चुनाव में प्रमुख तीन पदों (अध्यक्ष, महासचिव, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि) पर एबीवीपी ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष सहित अन्य तीन पद निर्विरोध निर्वाचित हुए
मसूरी । एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। घोषित चुनाव परिणामों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रमुख पदों पर एकतरफा जीत दर्ज की। परिणाम सामने आते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों ने विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला। इस दौरान पूरा कॉलेज परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘छात्र शक्ति–राष्ट्र शक्ति’ के नारों से गूंज उठा।

पदों के अनुसार चुनावी परिणाम और आंकड़े
- अध्यक्ष पद: एबीवीपी के विधांत थापली 165 मत हासिल कर विजयी रहे। उनके प्रतिद्वंद्वी विकास सिंह को 48 मत और मनन शाही को 36 मत मिले।
- महासचिव पद: आशुतोष जोशी ने 160 मत प्राप्त कर बड़ी जीत दर्ज की। निकटतम प्रतिद्वंद्वी अंकित रौछेला को 70 मत और प्रियांशु को 42 मत प्राप्त हुए।
- विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR): करिश्मा डुमोगा ने रिकॉर्ड 212 मत हासिल कर एकतरफा जीत हासिल की। प्रतिद्वंद्वी संध्या को 54 मतों से संतोष करना पड़ा।

शांतिपूर्ण मतदान और सुरक्षा व्यवस्था
कॉलेज प्रशासन और पुलिस बल की चाक-चौबंद निगरानी के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
छात्रों के हितों के लिए काम करने का संकल्प
नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान छात्रों से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए वे पूरी निष्ठा से काम करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि घोषणापत्र के अनुसार छात्रों से किए गए सभी वादों को धरातल पर उतारने का हरसम्भव प्रयास किया जाएगा और कॉलेज में जो भी कमियां हैं उनको दूर करने की पूरी कोशिश रहेगी ।
नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के दौरान तकनीकी कारणों से एबीवीपी के कुछ प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त होने के बाद निम्नलिखित पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ
निर्विरोध निर्वाचित पद
उपाध्यक्ष: गौरव सिंह गौसांई (एनएसयूआई)
संयुक्त सचिव (सह-सचिव): ईशा / प्रियांशु ईशा
कोषाध्यक्ष: सलोनी
