‘सिर्फ 2 अक्टूबर को याद करने से नहीं, आदर्शों को जीवन में उतारने से बनेगा विकसित भारत,कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
मसूरी । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पूरी गरिमा, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। नगर पालिका परिषद मसूरी के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा विधिवत ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके उपरांत उन्होंने दोनों महान विभूतियों के चित्रों और प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उपस्थित जनसमूह ने देश की स्वतंत्रता और नवनिर्माण में बापू और शास्त्री जी के अतुलनीय योगदान को शिद्दत से याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बापू के स्वच्छता दर्शन को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का स्पष्ट मानना था कि जब हम स्वच्छ रहेंगे, तभी स्वस्थ रहेंगे और एक स्वस्थ समाज ही देश को सशक्त बना सकता है। स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का प्राथमिक संकल्प है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नैतिक नेतृत्व का स्मरण कराते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि शास्त्री जी ने भारतीय राजनीति में शुचिता और उच्च आदर्शों की अनूठी मिसाल पेश की थी। बतौर रेल मंत्री एक भीषण रेल दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका यह त्याग और जवाबदेही आज के जनप्रतिनिधियों के लिए अनुकरणीय है।
कैबिनेट मंत्री ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि केवल 2 अक्टूबर को जयंती मना लेना या औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है। राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए हमें इन महापुरुषों के सिद्धांतों, सादगी, ईमानदारी और स्वच्छता के संकल्प को अपने दैनिक जीवन में उतारना होगा। जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेगा, तभी देश सशक्त होगा और प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ का संकल्प धरातल पर साकार हो सकेगा।
