सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिखाई कृषक रथ को हरी झंडी, किसानों को बाँटे कृषि यंत्र और बीज
मसूरी । प्रदेश के काश्तकारों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने के मकसद से सुवाखोली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने ‘कृषक रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जहां एक ओर किसानों को उन्नत बीज और आधुनिक कृषि यंत्र बांटे गए, वहीं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपे गए।

किसानों से सीधा संवाद करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को धरातल पर उतारते हुए सरकार हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रही है। दूरदराज के क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर यह तय किया जा रहा है कि कोई भी जरूरतमंद सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
नकदी फसलों से संवरेगा भविष्य: कीवी, ड्रैगन फ्रूट और मिलेट्स पर सब्सिडी
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब पारंपरिक खेती के साथ-साथ हाई-वैल्यू फसलों का दौर है। सरकार पॉलीहाउस निर्माण के साथ मिलेट्स (श्रीअन्न), ड्रैगन फ्रूट और कीवी जैसी नकदी फसलों के उत्पादन पर भारी सब्सिडी मुहैया करा रही है।
कृषि मंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में ‘एरोमा मिशन’ के तहत 91 हजार किसानों को जोड़ा जा रहा है। सगंध और औषधीय पौधों की खेती से काश्तकारों की आय में कई गुना इजाफा होगा। उन्होंने किसानों से ‘क्रॉप डायवर्सिफिकेशन’ (फसल विविधीकरण) और वैल्यू एडिशन अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, प्रदीप सिंह, मोहन सिंह नेगी, मीणा कोठाल, रुक्मणी, प्रियंका, रूप सिंह, राम सिंह, सुंदर सिंह पायल सहित भारी संख्या में प्रगतिशील किसान और स्थानीय जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
