नक्शे के विपरीत निर्माण पर गिरी गाज, मसूरी के होटल अतिथि पर चला एमडीडीए का डंडा, मची खलबली
मसूरी । मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ( एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपने सख्त रुख को बरकरार रखते हुए मसूरी में बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त सचिव/एसडीएम मसूरी के निर्देश पर प्राधिकरण की टीम ने लाइब्रेरी चौक के पास स्थित “होटल अतिथि” में अवैध रूप से बने 12 कमरों और बेसमेंट को सील कर दिया।
मानचित्र के विपरीत हुआ था निर्माण एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि होटल मालिक देवेंद्र अग्रवाल द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत और पूरी तरह अनाधिकृत रूप से बेसमेंट सहित 12 अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया गया था। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया है।
पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई सीलिंग की यह कार्रवाई सहायक अभियंता अजय मलिक के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। इस दौरान टीम में अवर अभियंता अनुज पाण्डेय, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर संजीव कुमार, उदय नेगी और इंदर देव नौटियाल शामिल रहे।
प्राधिकरण की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध निर्माणकर्ताओं और बिना अनुमति निर्माण करने वाले होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
