मसूरी शरदोत्सव 2026 का सफल समापन, पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने जताया आभार, कहा—पर्यटन और संस्कृति को मिली नई पहचान
मसूरी । नगर पालिका परिषद मसूरी की ओर से आयोजित बहुप्रतीक्षित ‘मसूरी शरदोत्सव 2026’ हर्षोल्लास और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। महोत्सव के अंतिम दिन का शुभारंभ गरिमामयी माहौल में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी ने महोत्सव की ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं और नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
सहयोग और समर्पण से मिली ऐतिहासिक सफलता समारोह को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता सामूहिक प्रयास पर निर्भर करती है। शरदोत्सव 2026 का निर्विघ्न और भव्य आयोजन सभी के आपसी समन्वय, दिन-रात की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है। उन्होंने आयोजन में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन, पर्यटकों को सुगम सुविधाएं देने के लिए टैक्सी एसोसिएशन व होटल एसोसिएशन का विशेष आभार जताया।
कर्मचारियों और मीडिया की भूमिका को सराहा अध्यक्ष ने नगर पालिका के समस्त कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनी रही। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने वाले मीडिया कर्मियों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने मंच पर अपनी प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाले लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को महोत्सव की जान बताया।
सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को मिला बढ़ावा । मीरा सकलानी ने मसूरी की जनता और दूर-दराज से आए पर्यटकों व दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह उत्सव सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को नई दिशा देने का एक मजबूत मंच बना है। जनसहयोग से यह शरदोत्सव लंबे समय तक याद रखा जाएगा
