मसूरी में कैंपटी फॉल के निकट हुआ बडा सड़क हादसा एक व्यक्ति की मौके पर ही हुई मृत्यु।

दिनेश /

मसूरी । पर्यटन स्थल मसूरी में कैंम्पटी फॉल के निकट आज एक बडा सड़क हादसा हो गया हैं । जिसमें उत्तर प्रदेश के एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। रविवार सुबह कांडीखाल इलाके में एक कार UK07 FP 0359 अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिस कारण कार में सवार युवक की मृत्यु हो गई।

मृतक की पहचान विजय कुमार पुत्र, प्रदीप कुमार ,जो कि उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना क्षेत्र के कंधाला ग्रामीण गांव के निवासी थे।

सूत्रों के अनुसार, विजय कुमार अपने दोस्तों के साथ मसूरी घूमने आए थे। वे कैंपटी फॉल देखने पहुंचे थे। रात में उनके साथी होटल में ठहरे, जबकि विजय कार में ही सोए गया। सुबह जब दोस्तों ने होटल के बाहर से कार गायब पाई और फोन पर संपर्क नहीं हो सका, तो उन्होंने मसूरी पुलिस को सूचित किया।

इसी बीच कांडीखाल क्षेत्र के एक स्थानीय निवासी ने पुलिस को खबर दी कि सड़क के नीचे खाई में एक कार गिरी हुई है और उसमें एक व्यक्ति मृत पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुष्टि की कि मृतक वही लापता युवक हैं ।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर शव को खाई से बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस की सहायता से मसूरी के उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मसूरी पुलिस ने पंचनामा पूरा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है और उसके साथ आए दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर गहरा दुःख जताया है और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि कैंपटी फॉल से कांडीखाल जाने वाली सड़क के कई हिस्सों में पैराफिट और क्रैश बैरियर की कमी है, जिसके कारण ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मजबूत सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

मसूरी पुलिस इंचार्ज योगेंद्र गुसाईं ने बताया कि मामले की गहनता से जांच जारी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

यह घटना पर्यटन स्थलों पर सड़क सुरक्षा की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है, जहां अनियंत्रित वाहन और अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जानलेवा साबित हो रही है।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.