Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

November 4, 2026

​जॉर्ज एवरेस्ट लीज विवाद: मसूरी में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़े, गणेश गोदियाल को काले झंडे दिखाने पर जमकर हुई हाथापाई

​मसूरी । जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट की 144 हेक्टेयर बेशकीमती भूमि को महज एक करोड़ रुपये में बाबा रामदेव के सहयोगी आचार्य बालकृष्ण की कंपनी को लीज पर दिए जाने का मामला अब गरमा गया है। इस भूमि आवंटन के विरोध में धरना देने जॉर्ज एवरेस्ट जा रहे उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का भाजपा कार्यकर्ताओं ने तीखा विरोध किया और काले झंडे दिखाए। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

​काले झंडे दिखाए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और विवाद हाथापाई व मारपीट में बदल गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।

​झड़प के बाद आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और अभद्रता की है।

​भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खो चुकी है और अब युवाओं, जेन-जी तथा जेन-अल्फा को भड़काने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास कार्यों में बाधा डालने वालों का विरोध कर रही है। वहीं पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी और भाजयुमो प्रदेश मंत्री आर्यनदेव उनियाल ने कांग्रेस पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष से सार्वजनिक माफी की मांग की।

​ दूसरी ओर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा मंडल अध्यक्ष पहले खुद जॉर्ज एवरेस्ट बचाने के लिए आंदोलन कर रहे थे, लेकिन अब ‘वाशिंग मशीन’ में धुलने के बाद शहर के हितों को भूल चुके हैं।

​अनुज गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला कार्यकर्ताओं और कांग्रेसियों के साथ दुर्व्यवहार किया, जिस पर युवाओं का आक्रोशित होना स्वाभाविक था। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन को पहले ही सूचित कर दिया गया था, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम और अभद्रता के लिए भाजपा नेताओं को माफी मांगनी चाहिए।

You may have missed

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.