पहाड़ों की रानी में चोरों के हौसले बुलंद: टाउनहॉल से 7 बड़े पतीले और खाद्य सामग्री पार, व्यापारियों में रोष
मसूरी । पहाड़ों की रानी मसूरी में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला शहर के प्रतिष्ठित टाउनहॉल का है, जहां आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कैटरिंग का जरूरी सामान और खाद्य सामग्री चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरी की यह पूरी वारदात आसपास लगे निजी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, लेकिन तहरीर देने के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं।
समारोह में कैटरिंग का जिम्मा संभाल रहे ‘गुनसोला एंड फैमिली कैटरर्स’ के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान चोर उनके 7 बड़े पतीलों सहित हजारों रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। काफी खोजबीन के बाद जब सामान नहीं मिला, तो उन्होंने पास में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में कुछ संदिग्ध व्यक्ति कूड़ा उठाने वाले बोरों (कट्टों) में बड़े पतीले और अन्य सामान भरकर पिक्चर पैलेस की ओर ले जाते साफ दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने सामान को एक वाहन में लादा और मौके से रफूचक्कर हो गए।
कैटरर्स के भाई देव गुनसोला ने बताया कि घटना के संबंध में चार दिन पहले ही पुलिस को लिखित तहरीर दे दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट होने के बावजूद पुलिस अब तक न तो किसी आरोपी को गिरफ्तार कर सकी है और न ही चोरी का माल बरामद हुआ है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से फुटेज के आधार पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने और सामान बरामद करने की मांग की है।
टाउनहॉल जैसे प्रमुख और सार्वजनिक कार्यक्रम स्थल से इस प्रकार दिनदहाड़े या भीड़भाड़ के बीच सामान चोरी हो जाना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में असुरक्षा का माहौल गहराने लगा है।
