Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

September 4, 2026

मसूरी मालरोड का कॉबलस्टोन बना, आए दिन हो रही दुर्घटनाओं का कारण , ग्रीन चौक पर स्कूटी फिसलने से दो पर्यटक घायल

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी के मालरोड के प्रमुख चौराहों पर लगाए गए कॉबलस्टोन बरसात के मौसम में हादसों का कारण बनते जा रहे हैं। ग्रीन चौक पर कॉबलस्टोन पर स्कूटी फिसलने से दो पर्यटक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। गनीमत रही कि हादसे के दौरान समीप खड़ा वाहन चल नहीं रहा था, अन्यथा दुर्घटना और गंभीर हो सकती थी।

ग्रीन चौक क्षेत्र स्कूटी सवारों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि बारिश के दौरान कॉबलस्टोन पर फिसलन बढ़ जाती है, जिसके चलते आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों द्वारा कई बार लोक निर्माण विभाग से कॉबलस्टोन हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

क्षेत्रीय सभासद अमित भट्ट ने बताया कि स्कूटी फिसलने की घटना उनके सामने हुई। उन्होंने कहा कि मालरोड पर लगाए गए पत्थरों को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी। शहीद भगत सिंह चौक से कॉबलस्टोन हटाकर टाइल्स लगा दी गई हैं, लेकिन ग्रीन चौक को छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना विभाग की लापरवाही है। यदि जल्द कॉबलस्टोन नहीं हटाए गए तो स्थानीय लोगों के साथ आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय व्यापारी आशीष गर्ग ने कहा कि उनकी केमिस्ट की दुकान है और आए दिन स्कूटी सवार फिसलकर घायल होने के बाद पट्टी कराने पहुंचते हैं। उन्होंने दावा किया कि कई बार एक दिन में चार से पांच स्कूटी सवार यहां गिर जाते हैं। बारिश के दौरान कॉबलस्टोन पर फिसलन और बढ़ जाती है उन्होंने कहा कि यूरोप की तर्ज पर खूबसूरती के लिए लगाए गए ये पत्थर स्थानीय परिस्थितियों में दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। इस संबंध में विधायक, सभासद और व्यापार संघ से भी शिकायत की जा चुकी है

व्यापारी चिरंजीव जोशी ने कहा कि ग्रीन चौक पर आए दिन स्कूटियां फिसल रही हैं। उन्होंने मांग की कि कॉबलस्टोन हटाकर यहां डामरीकरण किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष और विधायक को भी समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है।

वहीं, स्थानीय व्यापारी नौशाद ने कहा कि कॉबलस्टोन लगाने से मालरोड की खूबसूरती जरूर बढ़ी, लेकिन अब यही पत्थर हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने विभाग से मांग की कि जनसुरक्षा को देखते हुए ग्रीन चौक से कॉबलस्टोन को तत्काल हटाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.