Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

November 2, 2026

मसूरी आईडीएच डंपिंग जोन में कूड़े के अंबार से भड़के लोग, सभासदों ने कार्यदायी संस्था और पालिका के खिलाफ दिया धरना

​मसूरी। एनएच 707ए टिहरी बाईपास रोड स्थित नगर पालिका के आईडीएच कूड़ा डंपिंग स्टेशन पर कचरे का उठान न होने से हालात बदतर हो गए हैं। डंपिंग जोन में सड़ रहे कूड़े की सड़ांध और गंदगी से क्षेत्रवासियों का जीना दूभर हो गया है। समस्या से आक्रोशित क्षेत्रीय सभासद बबीता मल्ल के नेतृत्व में अन्य सभासदों और स्थानीय निवासियों ने पालिका प्रशासन व सफाई का जिम्मा संभाल रही कार्यदायी संस्था ‘लॉर्ड शिवा’ के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए डंपिंग जोन में ही धरना शुरू कर दिया।

​ स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से कचरा न उठने से पूरा क्षेत्र बीमारियों के मुहाने पर खड़ा है और बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। आलम यह है कि राहगीरों को मुंह और नाक बंद करके यहां से गुजरना पड़ रहा है। कूड़े की दुर्गंध लंढौर तक पहुंच रही है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद पालिका प्रशासन कोई सुध नहीं ले रहा था।

 

​ धरने का समर्थन करने पहुंचे सभासद गौरव गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र की समस्या पूरी तरह जायज है और लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नई कार्यदायी संस्था लॉर्ड शिवा पूरी तरह विफल साबित हुई है, जबकि पूर्व की संस्था ‘कीन’ का काम बेहतर था। उन्होंने लॉर्ड शिवा का टेंडर निरस्त कर किसी सक्षम संस्था को जिम्मेदारी सौंपने की मांग की।

​वहीं, सभासद सचिन गुहेर ने पालिका प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अधिशासी अधिकारी देहरादून में रहने के बजाय मौके पर ध्यान दें तो हालात इतने नहीं बिगड़ते। उन्होंने डंपिंग जोन में गीला कूड़ा बेचे जाने को खुली लूट करार दिया।

​ सभासद नरेश प्रताप मल्ल ने पालिका की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि जब बायो-मीथेन प्लांट खराब पड़ा है, तो उस पर जनता का पैसा क्यों बहाया जा रहा है? आपदा के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था स्थानीय कर्मचारियों को हटाकर बाहर के लोगों को रख रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धरने के दौरान मौके से ही नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) से फोन पर वार्ता की गई। ईओ द्वारा अगले तीन दिनों के भीतर डंपिंग जोन से पूरा कूड़ा उठाने और व्यवस्था दुरुस्त करने का ठोस आश्वासन दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया।

​धरने में क्षेत्रीय सभासद बबीता मल्ल, सचिन गुहेर, गौरव गुप्ता, नरेश प्रताप मल्ल के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और नागरिक मौजूद रहे।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.