मालरोड के अंबेडकर चौक पर बोलार्ड लगाने का विरोध, मजदूर संघ ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
मसूरी । मालरोड स्थित अंबेडकर चौक पर प्रशासन द्वारा बोलार्ड लगाए जाने की प्रस्तावित योजना का विरोध शुरू हो गया है। साइकिल रिक्शा चालकों की आजीविका पर पड़ने वाले असर को देखते हुए मजदूर संघ ने उपजिलाधिकारी (SDM) राहुल आनंद को ज्ञापन सौंपकर इस योजना को तत्काल स्थगित करने की मांग की है।

मजदूर संघ ने प्रशासन को दिए ज्ञापन में स्पष्ट किया कि झूलाघर से गांधी चौक के बीच साइकिल रिक्शा स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के आवागमन का एक प्रमुख साधन है। इस मार्ग पर वर्षों से श्रमिक साइकिल रिक्शा चलाकर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। यदि अंबेडकर चौक पर बोलार्ड लगा दिए जाते हैं, तो रिक्शा संचालन पूरी तरह ठप हो जाएगा, जिससे सैकड़ों श्रमिकों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
संघ के प्रतिनिधियों ने मांग रखी कि झूलाघर से गांधी चौक के बीच किसी भी स्थान पर बोलार्ड न लगाए जाएं और अंबेडकर चौक पर प्रस्तावित योजना को रद्द किया जाए। मजदूर संघ पदाधिकारियों का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ प्रशासन को गरीब श्रमिकों के हितों का भी ध्यान रखना चाहिए।
एसडीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में मजदूर संघ अध्यक्ष संपत लाल, महासचिव सोबन पंवार, मिजान लाल, जगत लाल और महिपाल पंवार समेत संघ के कई प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे।
