Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 17, 2026

भाजपा ने पुराने कार्यकर्ताओं पर जताया भरोसा, मसूरी पालिका में पांच नामित सदस्यों को मिली जिम्मेदारी

मसूरी। उत्तराखंड शासन के शहरी विकास विभाग ने नगर पालिका अधिनियम में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्यपाल की स्वीकृति से देहरादून जिले की मसूरी नगर पालिका परिषद में पांच निर्दिष्ट सदस्यों को नामित किया है। लंबे समय से चल रहे मंथन और इंतजार के बाद नामित सदस्यों की सूची जारी होने से भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।

राज्यपाल की ओर से नगर पालिका मसूरी के लिए नामित पांच सदस्यों में भाजपा के पूर्व महामंत्री कुशाल राणा, वर्तमान उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल, मंत्री अनीता धनाई, पूर्व मसूरी मंडल महामंत्री विजय रमोला तथा भाजपा के पूर्व मंत्री अनिल गोयल (टानू) शामिल हैं।

नामित सदस्य विजय रमोला ने कहा कि भाजपा ने इस बार पार्टी के पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से भाजपा से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और छात्र राजनीति से पार्टी में आए थे। उन्होंने उस दौर में संगठन की जिम्मेदारी संभाली, जब भाजपा के साथ जुड़ने से लोग कतराते थे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनके जैसे पुराने कार्यकर्ताओं का संज्ञान लेते हुए जो जिम्मेदारी दी है, वह उनके लिए सम्मान की बात है।

वहीं नामित सदस्य विजय बिंदवाल ने प्रदेश नेतृत्व, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पालिकाध्यक्ष एवं भाजपा मंडल संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जिस योग्य समझते हुए यह जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मसूरी के विकास के साथ-साथ भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए भी पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।

अनिल गोयल (टानू) ने कहा कि वह भाजपा के पुराने कार्यकर्ता हैं और पार्टी ने उन्हें सम्मान देते हुए जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वह नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के विश्वास को धरातल पर उतारने, संगठन को गति देने और मसूरी के विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वह सतत प्रयास करेंगे।

नगर पालिका परिषद में शासन की ओर से नामित सदस्यों को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं। नामों को लेकर पार्टी स्तर पर भी लगातार मंथन किया जा रहा था। आखिरकार शासन की ओर से पांच सदस्यों के नामों पर मुहर लगने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.