Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

November 1, 2026

होटल पैराडाइज मेंशन में लीज विवाद के बाद कर्मचारियों का धरना जारी, 25 परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट

​मसूरी। लाइब्रेरी क्षेत्र स्थित होटल ‘पैराडाइज मेंशन’ में उपजा विवाद गहराता जा रहा है। वेतन, बोनस, पीएफ और ग्रेच्युटी के भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों का धरना 8वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के होटल को लीज पर दे दिया गया और उनके कमरों, मुख्य द्वार व रसोईघर पर ताले जड़ दिए गए। हक मांगने पर बाहर से बाउंसर बुलाकर डराने-धमकाने का भी गंभीर आरोप प्रबंधन पर लगा है।

​  कर्मचारियों का कहना है कि बकाया भुगतान किए बिना प्रबंधन ने मनमाने तरीके से लीज की प्रक्रिया पूरी की, जिससे 25 से अधिक परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बीती रात होटल स्वामी के साथ हुई वार्ता भी बेनतीजा रही। कर्मचारी रवि नेगी ने बताया कि प्रबंधन समाधान निकालने के बजाय कानून का डर दिखा रहा है। मामले की शिकायत श्रम विभाग से की गई है।

​जनप्रतिनिधियों और मजदूर संगठनों का समर्थन

कर्मचारियों के समर्थन में उतरीं नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने प्रबंधन के रवैये पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि लीज पर देने से पहले कर्मियों के सभी देय भुगतानों का निपटारा होना चाहिए था।

​वहीं, मजदूर नेता आरपी बडोनी ने श्रम कानूनों के उल्लंघन का हवाला देते हुए होटल में की गई तालाबंदी की वैधानिक जांच की मांग उठाई है। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक पूरे बकाये का भुगतान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.