Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

November 3, 2026

अम्बेडकर चौक पर बोलार्ड लगे तो होगा पुरजोर विरोध, मजदूर संघ मसूरी ने जताई कड़ी आपत्ति

मसूरी । पर्यटन नगरी मसूरी के अम्बेडकर चौक सहित मालरोड के विभिन्न हिस्सों में यातायात नियंत्रण के नाम पर बोलार्ड लगाने की तैयारी का मजदूर संघ ने कड़ा विरोध किया है। संघ का कहना है कि प्रशासन के इस कदम से मालरोड पर वर्षों से साइकिल रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले गरीब मजदूरों की रोजी-रोटी पर सीधा संकट खड़ा हो जाएगा।

​इस सम्बन्ध में मजदूर संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट किया कि झूलाघर से लाइब्रेरी तक बड़ी संख्या में पर्यटक साइकिल रिक्शा से सफर करते हैं। यदि अंबेडकर चौक पर बोलार्ड लगाए गए, तो रिक्शा चालकों का आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा, जिसका सीधा असर पर्यटकों की सुविधा और मजदूरों की आजीविका पर पड़ेगा ।

ज्ञापन में मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस फैसले को जबरन लागू करने की कोशिश की, तो संघ चुप नहीं बैठेगा और सड़क पर उतरकर पुरजोर विरोध दर्ज कराएगा। संघ ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पालिकाध्यक्ष से मांग की है कि इस योजना पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए और इसे स्थगित किया जाए। ज्ञापन की एक प्रति उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।

​ज्ञापन सौंपने वालों में मजदूर संघ के महामंत्री सोबन सिंह पंवार, मिजान, उत्तम नेगी, खिलानंद नौटियाल, नीरज कुमार, राकेश कुमार, चंद्रपाल सिंह, अर्जुन कंडारी, भोपाल सिंह और अजय कुमार सहित कई अन्य मजदूर शामिल रहे।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.