Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

November 3, 2026

हाथी पांव रोड पर लोहे के गाटरों से बन रहा अवैध ढांचा सील, नोटिस में कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर चला MDDA का डंडा

मसूरी । पहाड़ों की रानी मसूरी में अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने सख्त रुख अपना लिया है। प्राधिकरण की टीम ने हाथी पांव रोड स्थित विंसेट हिल क्रेग टॉप इस्टेट (वैवरली) में बिना अनुमति खड़े किए जा रहे एक बड़े अवैध निर्माण को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई एसडीएम एवं एमडीडीए के संयुक्त सचिव के कड़े निर्देशों के बाद की गई।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त स्थल पर लोहे के गाटर और भारी चैनलों की मदद से दो प्लेटफॉर्म स्ट्रक्चर तैयार किए जा रहे थे। पहाड़ी क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे इस अनधिकृत निर्माण को लेकर विभाग ने पहले विपक्षी को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया था।

​नोटिस की मियाद पूरी होने के बावजूद जब विपक्षी की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब दाखिल नहीं किया गया, तो प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लेते हुए तत्काल सीलिंग के आदेश जारी कर दिए।

​आदेश मिलते ही सहायक अभियंता (AE) अजय मलिक के नेतृत्व में एमडीडीए की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और ‘उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973)’ की सुसंगत धाराओं के तहत पूरे निर्माण स्थल को सील कर दिया। टीम ने स्पष्ट किया कि मसूरी के संवेदनशील पर्यावरण और विकास नियमों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।

​सीलिंग की इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक के साथ अवर अभियंता (JE) अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर संजीव कुमार और उदय नेगी समेत अन्य विभागीय कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

Copyright2026©Murroorie Raibar, Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.